गन्ने के खेत में लहूलुहान मिला मजीदपुरा का साजिद, धारदार हथियार से हमला कर बदमाश फरार

साहिल अंसारी

, हापुड़। मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र के इलाहाबाद की मड़ैया में हापुड़ के मजीदपुरा निवासी साजिद पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। साजिद गन्ने के खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को इलाहाबाद की मड़ैया में पप्पू पुत्र जिले सिंह के ट्यूबवेल के पास गन्ने के खेत में एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पीआरवी 5864 मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने देखा कि व्यक्ति की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। घायल की हालत ऐसी थी कि वह बोलने की स्थिति में नहीं था।

पुलिस ने तत्काल घायल को उपचार के लिए एनसीआर अस्पताल, खरखौदा पहुंचाया। शुरुआती कार्रवाई के दौरान घायल की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में उसकी पहचान हापुड़ के मजीदपुरा निवासी साजिद के रूप में बताई गई।

गन्ने के खेत में पड़ा मिला था घायल

घटना की सूचना मिलते ही मुंडाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई। हालांकि, हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घायल की हालत और उसके बयान के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 118(1) के तहत अभियोग दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि साजिद वहां कैसे पहुंचा और हमला किन परिस्थितियों में हुआ।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल