आवारा कुत्तों के झुंड से दहशत, विहिप नेता पर हमला; नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हापुड़। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गली-मोहल्लों में झुंड बनाकर घूम रहे कुत्ते आए दिन लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। अब मोहल्ला आर्यनगर निवासी विश्व हिंदू परिषद के मेरठ विभाग मंत्री सुधीर अग्रवाल पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से घायल सुधीर अग्रवाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
सुधीर अग्रवाल ने बताया कि वह राधापुरी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता उनकी ओर दौड़ा और पैर में काट लिया। उन्होंने खुद को बचाने का प्रयास किया, जिसमें पैर में चोट भी आई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की कई गलियों और प्रमुख मार्गों पर आवारा कुत्तों के झुंड दिनभर घूमते रहते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे और बुजुर्ग इन कुत्तों से सबसे अधिक भयभीत हैं। गली के बाहर खड़े कुत्ते राहगीरों पर अचानक झपट पड़ते हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
लोगों के मुताबिक, आए दिन कुत्तों के हमले में लोग घायल होकर सरकारी अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच रहे हैं। इससे नगर पालिका की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कुछ दिन पहले एक पत्रकार को भी आवारा कुत्तों ने हमला कर घायल किया था। लोगों ने आवारा कुत्तों के साथ बंदरों के बढ़ते आतंक से भी निजात दिलाने की मांग की है।
नगर पालिका की टीम भेजी जाएगी
ईओ संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पालिका की ओर से आवारा कुत्तों का बंध्याकरण कराया जा रहा है। संबंधित मोहल्ले में टीम भेजकर आवारा कुत्तों को पकड़वाया जाएगा।
Comments
Post a Comment