टीबी मरीजों की होगी एचआईवी जांच, संक्रमितों को उपचार से जोड़ने पर जोर

साहिल अंसारी
 हापुड़। राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीआई नियंत्रण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने, एचआईवी की रोकथाम और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में एचआईवी की समय से जांच, संक्रमित व्यक्तियों की पहचान, उन्हें उपचार से जोड़ने और उपचार की निरंतरता बनाए रखने के साथ ही टीबी व एचआईवी के बीच संबंध को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने किया। उन्होंने कहा कि एचआईवी से संबंधित सेवाओं में संवेदनशीलता के साथ काम करना जरूरी है। समय पर बीमारी की पहचान और उचित उपचार मिलने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर राष्ट्रीय कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हेमलता सिंह ने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ भेदभाव करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मरीजों के साथ समानता का व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने एचआईवी की रोकथाम, समय से जांच कराने और संक्रमित मरीजों को उपचार से जोड़ने के साथ उपचार की निरंतरता बनाए रखने की आवश्यकता बताई।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि प्रत्येक टीबी मरीज की एचआईवी जांच और प्रत्येक एचआईवी संक्रमित मरीज की टीबी जांच कराना आवश्यक है। कार्यशाला में एचआईवी जांच, मरीजों को एआरटी केंद्र से जोड़ने, उपचार के दौरान नियमित निगरानी और वायरल लोड जांच को मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई।

इस दौरान जिले में राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीआई नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। सामने आ रही चुनौतियों और उनके समाधान के लिए रणनीति पर भी अधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। नियमित समीक्षा, बेहतर रेफरल और मरीजों को समय से उपचार से जोड़ने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों के बीच समन्वय मजबूत करने पर सहमति बनी।

प्रशिक्षण यूपीसेक्स से दीपक तिवारी, अवंतिका बाजपेई और डॉ. मनीष शर्मा तथा दिशा क्लस्टर से सचिन कुमार ने दिया। कार्यशाला में एडीशनल सीएमओ डॉ. महेश चंद, डॉ. दिनेश कुमार भारती, डिप्टी जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. केके शर्मा, जिला पीएमडीटी/टीबी-एचआईवी समन्वयक मनोज कुमार गौतम सहित संबंधित चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल