दवाओं की पांच पेटियां लेकर ई-रिक्शा चालक फरार, सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीर
- 50 हजार रुपये से अधिक कीमत की थीं पशुओं की दवाएं
- तीन स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया ई-रिक्शा
- आगे-पीछे पंजीकरण नंबर नहीं होने से चालक की पहचान में परेशानी
संवाददाता, हापुड़। बुलंदशहर जिले के गुलावठी कस्बे में स्थित बंधु मेडिकल एजेंसी की 50 हजार रुपये से अधिक कीमत की दवाओं की पांच पेटियां लेकर ई-रिक्शा चालक फरार हो गया। दवाओं की पेटियां शहर के ही एक स्थान पर पहुंचाने के लिए ई-रिक्शा में लादी गई थीं। एजेंसी कर्मचारी कुछ दूरी पर दूसरी मेडिकल एजेंसी से दवा लेने के लिए बाइक से चला गया। इसी दौरान चालक ई-रिक्शा समेत दवाओं की पेटियां लेकर गायब हो गया। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सर्राफा बाजार क्षेत्र निवासी आकाश अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि वह गुलावठी स्थित बंधु मेडिकल एजेंसी में कार्यरत हैं। एजेंसी पशुओं की दवाओं का थोक कारोबार करती है। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे उन्होंने एसएसवी डिग्री कालेज के पास स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से दवाओं की पांच पेटियां ई-रिक्शा में लदवाई थीं। इनकी कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। दवाओं को शहर में ही करीब एक किलोमीटर दूर दूसरी मेडिकल एजेंसी पर पहुंचाना था।
आकाश अग्रवाल के अनुसार, उन्होंने ई-रिक्शा चालक को दवाओं की पेटियां लेकर वहां पहुंचने को कहा और स्वयं बाइक से दूसरी एजेंसी पर दवा लेने के लिए आगे निकल गए। कुछ देर बाद जब वह संबंधित स्थान पर पहुंचे तो ई-रिक्शा चालक वहां नहीं मिला। चालक दवाओं की पेटियां लेकर फरार हो चुका था।
आकाश ने दोपहर से ही शहर में ई-रिक्शा और चालक की तलाश शुरू कर दी। कई घंटे तक तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस और एजेंसी के मालिक अधिवक्ता आशीष सिंघल को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो तीन स्थानों पर ई-रिक्शा और चालक दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।
Comments
Post a Comment