खेतों में तेंदुआ और दो शावक दिखाई देने से मची खलबली, वीडियो वायरल होने पर बढ़ी चिंता; निगरानी में जुटा वन विभाग

सोनू मसूदी

गढ़मुक्तेश्वर। थाना क्षेत्र के गांव लोधीपुर छपका में देर शाम खेतों के आसपास तेंदुआ और उसके दो शावक दिखाई देने से ग्रामीणों में खलबली मच गई। खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर अचानक तेंदुए पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालांकि, ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही तेंदुआ दोनों शावकों के साथ खेतों की ओर चला गया।

तेंदुआ दिखाई देने की सूचना तेजी से पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीणों ने तेंदुए और शावकों का वीडियो भी बनाया, जो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई। तेंदुए की मौजूदगी के चलते शाम के बाद खेतों की ओर जाने में लोग डर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ किसान गंगादास सिंह और रामदास सिंह के खेतों के आसपास दिखाई दिया था। शावकों के साथ तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीण विशेष सावधानी बरत रहे हैं। पशुपालक भी अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने लगे हैं। ग्रामीणों ने बच्चों को अकेले गांव के बाहरी क्षेत्र और खेतों की ओर नहीं भेजने की अपील की है।

ग्रामीण सुरेश कुमार ने बताया कि तेंदुआ दिखाई देने के बाद से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार निगरानी और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले दोताई गांव और सिंभावली क्षेत्र में भी तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिल चुकी है। लगातार तेंदुए की मौजूदगी की खबरों से लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी: वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि तेंदुआ दिखाई देने की सूचना पर टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। क्षेत्र में रात के समय गश्त शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा तेंदुए के करीब जाने, उसे घेरने या पकड़ने का प्रयास नहीं करने की अपील की गई है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल