शादी के बाद जेवर लेकर फरार हुई दुल्हन गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज भी बरामद

साहिल अंसारी

हापुड़।

सिंभावली थाना पुलिस ने पहचान छिपाकर शादी करने और घर से आभूषण चोरी कर फरार होने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और अलग-अलग नामों से तैयार किए गए फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार महिला ने अपने फरार साथी लक्ष्मण के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के मुताबिक ग्राम लिसड़ी निवासी विनोद से महिला ने सीमा नाम बताकर शादी की थी। आरोप है कि शादी के बाद मौका पाकर वह घर से आभूषण आदि लेकर फरार हो गई। मामले में विनोद की शिकायत पर थाना सिंभावली में मुकदमा अपराध संख्या 246/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंभावली पुलिस ने महिला को गंगा एक्सप्रेसवे पुल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से पीली धातु की एक अंगूठी, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, अलग-अलग नाम से बने दो आधार कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान पश्चिम बंगाल के जनपद कमार्पोल निवासी मसुरा शेख के रूप में हुई है। पुलिस उसके फरार साथी लक्ष्मण की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अंकुर कुमार, कांस्टेबल रंजीत कुमार और महिला कांस्टेबल कंचन शामिल रहीं। पुलिस ने गिरफ्तार महिला के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल