मंडी के बाहर खाद्यान्न उतारने की शिकायत पर जांच, फर्म संचालक को कड़ी चेतावनी

सोनू मसूदी

मंडी समिति की टीम ने मौके पर पहुंचकर किया स्थलीय निरीक्षण, दुकान आवंटित नहीं होने के बावजूद खाद्यान्न कारोबार की सामने आई जानकारी

हापुड़। नवीन मंडी स्थल के बाहर खाद्यान्न उतारे जाने की शिकायत को लेकर कृषि उत्पादन मंडी समिति की टीम ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर कोई वाहन खड़ा नहीं मिला, लेकिन जांच में सामने आया कि एक फर्म संचालक मंडी का लाइसेंस लेकर खाद्यान्न का कारोबार कर रहा है। फर्म को नवीन मंडी स्थल में कोई दुकान आवंटित नहीं है। इस पर मंडी समिति ने फर्म संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में मंडी स्थल के बाहर माल उतारने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

मामला आईजीआरएस पर दर्ज शिकायत से जुड़ा हुआ है। शिकायत में मंडी क्षेत्र से बाहर खाद्यान्न की आढ़त और माल उतारे जाने को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई थी। शिकायत के संबंध में नगर पालिका परिषद हापुड़ के राजस्व निरीक्षक और अधिशासी अधिकारी की ओर से रिपोर्ट मंडी समिति को भेजी गई। रिपोर्ट में बताया गया कि नगर पालिका की ओर से अनाज की आढ़त के लिए कोई लाइसेंस जारी नहीं किया जाता है। अवैध आढ़त अथवा मंडी से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई मंडी सचिव स्तर से की जानी है।

रिपोर्ट मिलने के बाद मंडी समिति के क्षेत्रीय प्रभारी और सहायक कर्मचारी बुधवार को शिकायत वाले स्थान पर पहुंचे। टीम ने मौके की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के समय वहां कोई वाहन खड़ा नहीं मिला। जांच में जानकारी सामने आई कि मैसर्स शिव ट्रेडर्स के नाम से खाद्यान्न का व्यापार किया जा रहा है। फर्म के संचालक के पास मंडी का लाइसेंस है, लेकिन नवीन मंडी स्थल में फर्म के नाम कोई दुकान आवंटित नहीं है। बताया गया कि फर्म की ओर से बाहर से खाद्यान्न मंगाकर माल उतारा जाता है।

मंडी समिति की टीम ने फर्म संचालक को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि खाद्यान्न का व्यापार और माल की उतराई मंडी स्थल के निर्धारित क्षेत्र में ही की जाए। भविष्य में मंडी स्थल के बाहर माल उतारने की शिकायत दोबारा प्राप्त होने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समिति की ओर से इस संबंध में फर्म संचालक को दूरभाष के माध्यम से भी अवगत करा दिया गया है।

मंडी समिति ने स्थलीय निरीक्षण की फोटो सहित अपनी आख्या जिलाधिकारी को भेजते हुए आईजीआरएस शिकायत को निस्तारित करने का अनुरोध किया है। अब शिकायत के बाद मंडी समिति की चेतावनी से साफ है कि मंडी क्षेत्र में खाद्यान्न की अनधिकृत उतराई पर निगरानी और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल