हिस्ट्रीशीटर रिजवान तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार
हापुड़। कपूरपुर थाना पुलिस ने ग्राम सालेपुर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, अपराध की रोकथाम और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कपूरपुर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 119/2026 में वांछित चल रहे रिजवान पुत्र इलियास निवासी ग्राम सालेपुर को धौलाना-गुलावठी मार्ग से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है और वह थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसका हिस्ट्रीशीट नंबर 114ए बताया गया है।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के संबंध में भी विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ हापुड़, मेरठ और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत कई धाराओं में 19 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक करमवीर सिंह, हेड कांस्टेबल प्रशांत कुमार और रिजर्व कांस्टेबल अखिलेश कुमार शामिल रहे।
Comments
Post a Comment