बछलौता फ्लाईओवर के पास स्कूटी-बाइक की भिड़ंत, चार घायल
साहिल अंसारी
, हापुड़।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 पर बछलौता फ्लाईओवर के आगे मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बाइक और इलेक्ट्रिक स्कूटी की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवतियों समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, पिलखुवा के छजरसी निवासी सौरभ पुत्र जगबीर और मोहन नगर निवासी उत्सव पुत्र संजय मोटरसाइकिल से पिलखुवा से सिंभावली की ओर जा रहे थे। बछलौता फ्लाईओवर के आगे गलत दिशा से आ रही इलेक्ट्रिक स्कूटी से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। स्कूटी पर बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के आयाद नगर निवासी रिया पुत्री कलवा और मानसी पुत्री मनोज सवार थीं।
टक्कर में बाइक और स्कूटी सवार चारों लोगों को चोटें आईं। हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए सीएचसी हापुड़ भेजा। अस्पताल में घायलों के स्वजन भी पहुंच गए।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। पुलिस के अनुसार, हादसे के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment