किसानों को घटिया खाद-बीज बेचने वालों पर कसेगा शिकंजा, दो दुकानों पर छापा
साहिल अंसारी
दिल्ली-गढ़ रोड पर कृषि विभाग की औचक जांच, खाद-बीज व पेस्टिसाइड के 17 नमूने लिए; नियमों के उल्लंघन पर विक्रेता को नोटिस
हापुड़।
किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज और पेस्टिसाइड उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को कृषि विभाग की टीम ने दिल्ली-गढ़ रोड स्थित पेस्टिसाइड विक्रेताओं की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। विभागीय टीम ने दो दुकानों की जांच करते हुए खाद, बीज और पेस्टिसाइड के कुल 17 नमूने लिए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से कृषि सामग्री विक्रेताओं में खलबली मच गई। टीम ने दुकानों पर उपलब्ध कृषि निवेशों की जांच की और निर्धारित मानकों के अनुसार सामग्री की बिक्री किए जाने के संबंध में जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने विक्रेताओं को किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान Insecticides Act 1968 और Insecticides Rules 1971 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेता को नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि केवल दुकान का निरीक्षण कर कार्रवाई समाप्त नहीं होगी, बल्कि लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर अगला कदम उठाया जाएगा।
प्रयोगशाला रिपोर्ट से तय होगी कार्रवाई
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार दुकानों से लिए गए खाद, बीज और पेस्टिसाइड के 17 नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। नमूनों में गुणवत्ता संबंधी कमी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य किसानों तक गुणवत्तापूर्ण कृषि निवेश पहुंचाना और अमानक कृषि सामग्री की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार किसानों के हित में निरीक्षण और नमूना लेने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Comments
Post a Comment