गंगा में बढ़े पानी के बीच रात में नाव चलाना पड़ा भारी, श्रद्धालुओं को टापू पर ले जाने वाला नाविक गिरफ्तार

साहिल अंसारी

गढ़मुक्तेश्वर। गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन के आदेशों की अनदेखी कर रात में नाव चलाना एक नाविक को भारी पड़ गया। नाविक यात्रियों और श्रद्धालुओं को नाव में बैठाकर गंगा के टापू पर ले जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नाविक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गंगा नदी में इन दिनों पानी बढ़ रहा है। श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उच्चाधिकारियों ने सभी नाविकों को रात के समय गंगा में नाव नहीं चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद आठ सितंबर की रात एक नाविक आदेशों का उल्लंघन करते हुए नाव में यात्रियों और श्रद्धालुओं को बैठाकर टापू की ओर ले गया। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।

प्रकरण संज्ञान में आने के बाद थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी नाविक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गंगा में बढ़ते पानी और रात के समय नदी में नाव संचालन से हादसे का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सुरक्षा निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।

पुलिस ने सभी नाविकों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि किसी ने आदेशों की अनदेखी कर श्रद्धालुओं या आमजन की जान जोखिम में डालने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कार्रवाई के बाद नाविकों में भी खलबली मची है

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल