बुलंदशहर रोड पर पशु चोरों का बढ़ा आतंक, आधी रात घेर की दीवार तोड़कर दो भैंस ले उड़े बेखौफ चोर; पशुपालकों में दहशत
साहिल अंसारी
हापुड़। बुलंदशहर रोड क्षेत्र में पशु चोरों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ चोरों ने आधी रात पशुपालक के घेर की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां बंधी दो भैंस चोरी कर फरार हो गए। वारदात का पता रात करीब ढाई बजे साकिर के घेर पहुंचने पर चला। दोनों भैंसों की कीमत करीब एक से सवा लाख रुपये बताई गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
साकिर के अनुसार, रात करीब ढाई बजे वह घेर पर पहुंचे तो वहां की दीवार टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो दोनों भैंस अपने स्थान से गायब थीं। उन्होंने आसपास और पड़ोस में काफी तलाश की, लेकिन भैंसों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
दीवार तोड़कर घेर में घुसे चोर
आशंका है कि चोर देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर घेर तक पहुंचे। उन्होंने पहले दीवार तोड़ी और फिर अंदर दाखिल होकर दोनों भैंसों को खोल लिया। इसके बाद उन्हें लेकर फरार हो गए। संभावना है कि चोर कुछ दूरी तक भैंसों को पैदल ले गए और बाद में किसी वाहन में लादकर फरार हुए। वारदात में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे चोरों की पहचान हो सके।
पशुपालकों में बढ़ी दहशत
वारदात के बाद आसपास के पशुपालकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की जरूरत है। लोगों ने चोरी हुई भैंसों को जल्द बरामद करने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Comments
Post a Comment