छात्राओं ने सजाया किचन गार्डन, औषधीय पौधों से स्वास्थ्य का संदेश
साहिल अंसारी
संवाददाता, हापुड़।
आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग के ‘आरोग्यम्’ क्लब के तत्वावधान में मंगलवार को किचन गार्डन विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने कम स्थान में उपयोगी, औषधीय और सुगंधित पौधे उगाने का हुनर सीखा। गमलों में पौधों का रोपण कर छात्राओं ने स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. साधना तोमर ने मीठी नीम (करी पत्ता) का पौधा रोपित कर किया। इसके बाद छात्राओं ने विभिन्न गमलों को आकर्षक ढंग से सजाकर उनमें अजवाइन, तुलसी, करी पत्ता, लेमन ग्रास, एलोवेरा और सहजन (मोरिंगा) सहित उपयोगी पौधे रोपे। छात्राओं ने उत्साह के साथ पौधों के रोपण और गमलों के सज्जाकरण में भाग लिया।
प्राचार्या प्रो. साधना तोमर ने छात्राओं को विभिन्न पौधों के औषधीय गुणों और दैनिक जीवन में उनकी उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किचन गार्डन घर की सुंदरता बढ़ाने के साथ ताजे और उपयोगी पौधों को घर के आसपास उपलब्ध कराने का सरल माध्यम है। इससे स्वास्थ्य जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने छात्राओं से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम गृह विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका श्रीमती साधना के नेतृत्व में हुआ। डॉ. नीशू यादव का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में स्वावलंबन, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया गया। समापन पर श्रीमती साधना ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment