मुठभेड़ में गोकशी के दो आरोपित दबोचे, एक को लगी गोली; तमंचा-कारतूस और कटान के उपकरण बरामद

साहिल अंसारी

गढ़मुक्तेश्वर। गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस की सोमवार देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। दोनों के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा पशु कटान करने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ ग्राम दौताई नहर पुल से ग्राम झड़ीना की ओर जाने वाले रास्ते पर हुई। पुलिस टीम रात में क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बिलाल पुत्र हसीन निवासी ग्राम बदरखा, हाल निवासी गढ़मुक्तेश्वर घायल हो गया। उसके साथी जहीर पुत्र तसलीम निवासी ग्राम दौताई को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपितों ने गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ग्राम खिलवाई और अल्लाबख्शपुर के जंगल में गोकशी की दो घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। इन घटनाओं के संबंध में थाना गढ़मुक्तेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 443/26 और 465/26 दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपित शातिर अपराधी हैं। इनके खिलाफ हापुड़ और अमरोहा में गोकशी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। घायल बिलाल के खिलाफ अकेले कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं, जबकि जहीर के खिलाफ भी हत्या के प्रयास, गैंगस्टर, चोरी और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।

घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल