आदर्श नगर में गत्ते की नलकी बनाते समय लगी आग, दो दमकल गाड़ियों ने काबू पाया
हापुड़। आदर्श नगर कॉलोनी में मंगलवार को गत्ते की नलकी बनाने के दौरान एक मकान में अचानक आग लग गई। गैस सिलेंडर के पास आग भड़कने से कमरे में रखा गत्ता, कच्चा माल और घरेलू सामान चपेट में आ गया। आग की लपटें और धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दो फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे मेंसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार पुल के पास आदर्श नगर कॉलोनी में करन सिंह के मकान में नरेश कुमार किराये पर रहते हैं। मकान के एक हिस्से में गत्ते की नलकी बनाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर के पास अचानक आग भड़क गई। कुछ ही देर में आग ने कमरे में रखे गत्ते और अन्य ज्वलनशील सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग बढ़ने से कमरे में धुआं भर गया।
सूचना पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग की गंभीरता को देखते हुए दूसरा फायर टेंडर भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने दोनों वाहनों से पानी की बौछार कर आग पर चारों तरफ से काबू पाने का प्रयास किया। लगातार प्रयास के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई।
आग की चपेट में आने से कमरे में रखे कपड़े, गत्ते का सामान, कच्चा माल और अन्य घरेलू सामग्री जलकर खाक हो गई। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग बुझाने के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। अग्निशमन विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Comments
Post a Comment