दबंगों के हौसले बुलंद, चाय की दुकान पर घुसकर दुकानदार को पीटा
साहिल अंसारी
दो दिन में दूसरी बार मारपीट का आरोप, छह युवकों ने दुकान पर पहुंचकर किया हमला
हापुड़। शहर में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। बुलंदशहर रोड स्थित चाय की दुकान पर गुरुवार सुबह छह युवकों ने दुकानदार के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने दुकान पर पहुंचते ही संदीप शर्मा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपित मौके से फरार हो गए। इससे पहले बुधवार रात भी दुकानदार के भाई के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। पीड़ित ने कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
न्यू प्रेमपुरा, रेलवे रोड निवासी संदीप शर्मा बुलंदशहर रोड पर चाय की दुकान चलाते हैं। तहरीर में उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे उनका भाई अनिल शर्मा घर लौट रहा था। आरोप है कि प्रेमपुरा के बाहर संजय शर्मा, कल्लू शर्मा और चंदन शर्मा ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
भाई के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर संदीप मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बीच-बचाव करने पर आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की और धमकी दी। किसी तरह दोनों भाई वहां से घर पहुंचे।
सुबह दुकान पर पहुंचते ही शुरू कर दी मारपीट
पीड़ित के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वह अपनी चाय की दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान करीब छह युवक बाइक से वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने दुकान पर पहुंचते ही संदीप के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। अचानक हुई घटना से दुकान के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह संदीप को बचाया। इसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गए।
संदीप ने बताया कि लगातार दो दिन हुई मारपीट की घटना से वह और उसका परिवार भयभीत है। घटना के बाद उन्होंने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment