अतरपुरा चौपला के नाले में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
हापुड़।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अतरपुरा चौपला स्थित नगर पालिका गेट नंबर-दो के पास रविवार दोपहर नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नाले में शव दिखाई देने पर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया।
पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर नगर पालिका गेट के पास लोगों ने नाले में एक व्यक्ति का शव तैरता देखा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव मिलने की जानकारी पर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान कराने के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। साथ ही शव की पहचान होने के बाद उसके स्वजन तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Comments
Post a Comment