स्वास्थ्य जांच शिविर में विद्यार्थियों को मिला चिकित्सकीय परामर्श
, ग्रेटर नोएडा। जिम्स इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट एंड टेक्निकल कैंपस, ग्रेटर नोएडा में बुधवार को स्वास्थ्य जागरूकता एवं निशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिम्स के विधि विभाग की ओर से आयोजित शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। शिविर का आयोजन आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में बैक्सन होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एंड हास्पिटल, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और संस्थान के कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के अलावा निशुल्क होम्योपैथिक उपचार और निर्धारित दवाओं का वितरण किया गया। प्रतिभागियों को खान-पान, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी गई।
इस दौरान डाइटिशियन की ओर से आहार एवं पोषण संबंधी परामर्श दिया गया, जबकि मनोवैज्ञानिक परामर्श के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया। योग प्रशिक्षक ने योग और नियमित दिनचर्या के माध्यम से स्वस्थ रहने के तरीके बताए। स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न गतिविधियों के जरिये विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
बैक्सन अस्पताल की ओर से करीब 10 विशेषज्ञों की टीम ने शिविर में सेवाएं दीं। टीम में चिकित्सकों के साथ डाइटिशियन और योग प्रशिक्षक भी शामिल रहे। शिविर का लाभ विधि, बीबीए, बीकाम और बीटेक के विद्यार्थियों के साथ ही शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने उठाया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिम्स के निदेशक डा. (प्रो.) सचिन यादव और विधि विभाग की विभागाध्यक्ष डा. (प्रो.) पल्लवी गुप्ता ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रशांत पांडे, गौरव साहा और मुदित रोहिल्ला का विशेष योगदान रहा। संस्थान की ओर से इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए उपयोगी बताया गया।
Comments
Post a Comment