हर पेड़ एक उम्मीद... पौधरोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बीएसए समेत शिक्षकों को किया सम्मानित

साहिल अंसारी

गुरु जीवन को दिशा देने वाले और संस्कारों के वाहक: विधायक विजयपाल आढ़ती

, हापुड़। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में लायंस क्लब प्लेटिनम की ओर से नगर क्षेत्र स्थित शिवा प्राथमिक पाठशाला में बुधवार को ‘हर पेड़ एक उम्मीद’ अभियान के तहत पौधरोपण एवं शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं होते, बल्कि वह जीवन को सही दिशा देने, संस्कार विकसित करने और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की नींव मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने चाहिए। पौधे पृथ्वी का गहना हैं और इनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी की है।

बीएसए दीपा भाटी ने कहा कि वर्तमान समय में पौधरोपण सबसे बड़ी आवश्यकता है। लगातार बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरण असंतुलन को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। विद्यालयों में ऐसे आयोजन बच्चों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रधानाध्यापिका डॉ. सुमन अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को पेड़-पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान बीएसए दीपा भाटी, एसएसवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय कुमार गर्ग और शिवा पाठशाला की प्रधानाध्यापिका डॉ. सुमन अग्रवाल को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष विवेक गर्ग एडवोकेट, सचिन जिंदल, सचिन गोयल सर्राफ, प्रवीण सेठी, सभासद अजय भास्कर, व्यापारी सुरक्षा फोरम के जिलाध्यक्ष अरुण अग्रवाल, धीरखेड़ा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के सचिव धीरज चुग सोनू, एमडीएम प्रभारी प्रदीप सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल