फायरिंग और मारपीट की घटना से बदनौली में मचा हड़कंप, पुलिस ने पांच आरोपितों को दबोचा; तमंचा व स्कार्पियो बरामद
साहिल अंसारी
, हापुड़। ग्राम बदनौली में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। मामले में हापुड़ नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और स्कार्पियो कार बरामद की है। पुलिस आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बदनौली गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इस दौरान फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। सूचना मिलने पर हापुड़ नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना के संबंध में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 520/2026 दर्ज किया।
पुलिस ने मुकदमे में धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 352, 109(1), 351(3), 125 बीएनएस और 3(2)V एससी/एसटी एक्ट के तहत नामजद आरोपितों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस टीम ने बदनौली फाटक के पास से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में संदीप, जगदीश और विपिन पुत्रगण अमरपाल तथा सचिन और कपिल पुत्रगण ओमपाल निवासी ग्राम बदनौली थाना हापुड़ नगर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो कार संख्या यूपी 37 एफ 4474 भी बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में अतिरिक्त निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह के साथ थाना हापुड़ नगर की पुलिस टीम शामिल रही।
Comments
Post a Comment