फोम के गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, तीन मजदूर झुलसे

साहिल अंसारी
(हापुड़)। थाना धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र स्थित फोम के गद्दे बनाने वाली स्टील फैक्ट्री में गुरुवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री से धुएं का गुबार उठने लगा। हादसे के दौरान काम कर रहे तीन कर्मचारी आग की चपेट में आकर झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

बताया गया कि फैक्ट्री में फोम के गद्दे बनाने का काम किया जाता है। गुरुवार को कर्मचारी रोजाना की तरह काम में जुटे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। आग की चपेट में आने से नफीस, जाबिर और अब्दुल्ला झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही थाना धौलाना पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की चार गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। समय रहते आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हादसे में झुलसे तीनों कर्मचारियों को उपचार के लिए नजदीकी नाजिम अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में नफीस (40) पुत्र अशफाक निवासी जखेड़ा रहमतपुर, थाना बहादुरगढ़, जाबिर (48) पुत्र इरशाद निवासी देहरा, थाना धौलाना और अब्दुल्ला (32) पुत्र सरफराज निवासी बजहेड़ा कला, थाना कपूरपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों कर्मचारी आंशिक रूप से झुलसे हैं और उनका उपचार कराया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री में आग लगने के कारणों की अभी स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक स्तर पर घटना की जांच की जा रही है। फैक्ट्री में आग किस वजह से लगी और आग से कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन भी किया जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल