क्रेडिट कार्ड से ठगे 5.67 लाख रुपये, साइबर क्राइम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित को लौटाई पूरी रकम

साहिल अंसारी

हापुड़। साइबर अपराधियों ने क्रेडिट कार्ड के माध्यम से विवेक सिंघल से 5.67 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही साइबर क्राइम थाना पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी रकम को संबंधित खातों में होल्ड करा दिया। पुलिस के प्रयास से पीड़ित को 5,67,332 रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि वापस मिल गई।

पुलिस के अनुसार, मामले में साइबर क्राइम थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 27/2026 दर्ज है। इसमें धारा 318(4) बीएनएस और 66डी आइटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित के साथ क्रेडिट कार्ड के माध्यम से धोखाधड़ी कर 5,67,332 रुपये की रकम हड़प ली गई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने बिना देरी किए संबंधित बैंकिंग माध्यमों से संपर्क किया और ठगी की रकम को लीन/होल्ड कराया।

इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पुलिस ने पीड़ित को उसकी पूरी धनराशि वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।

साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि बैंक खाते या क्रेडिट कार्ड से धोखाधड़ी होने पर घबराने के बजाय तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता संख्या, ओटीपी, पिन या सीवीवी की जानकारी साझा न करें। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी की सूचना जितनी जल्दी मिलेगी, रकम को होल्ड कराकर वापस कराने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सचिन कुमार और हेड कांस्टेबल कपिल कुमार शामिल रहे।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल