ट्रांसपोर्ट नगर चौकी में खड़ी सीज बस भी नहीं बची, चोर 500 लीटर डीजल और बैटरियां ले उड़े

साहिल अंसारी

, हापुड़। पुलिस की निगरानी में ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी परिसर में खड़ी सीज टूरिस्ट बस को भी चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाश बस का लॉक तोड़कर करीब 500 लीटर डीजल, दो नई बैटरियां और टूल बॉक्स में रखे जैक-पाने समेत जरूरी सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। चौकी परिसर के भीतर पुलिस की सुपुर्दगी में खड़ी बस से सामान चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस रिलीज होने के बाद जब चालक उसे लेने पहुंचा, तब वारदात का पता चला।

जानकारी के अनुसार मेरठ जनपद के एक गांव निवासी चालक टूरिस्ट बस को उत्तर प्रदेश से राजस्थान के रूट पर चलाता है। आठ सितंबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे परिवहन विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान बस को रोका था। विभागीय कार्रवाई के तहत बस को सीज कर दिया गया। इसके बाद बस को ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी परिसर में चौकी प्रभारी की सुपुर्दगी में खड़ा कराया गया था।

बताया गया कि विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद बस को रिलीज किया गया। इसके बाद चालक जब बस को लेने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर चौकी पहुंचा तो बस की हालत देखकर हैरान रह गया। बस का लॉक टूटा हुआ था। अंदर और फ्यूल टैंक की जांच की गई तो कई सामान गायब मिले। फ्यूल टैंक में मौजूद करीब 500 लीटर डीजल निकाल लिया गया था। इसके अलावा बस में लगी दो नई बैटरियां भी गायब थीं। टूल बॉक्स में रखा जैक, पाने और अन्य जरूरी औजार भी चोर समेटकर ले गए।

चालक के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 80 हजार रुपये है। घटना का पता चलते ही उसने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

चौकी परिसर में चोरी से उठे सवाल

बस पुलिस चौकी परिसर में खड़ी होने के साथ ही पुलिस की सुपुर्दगी में थी। ऐसे में परिसर के भीतर बस का लॉक टूटना और बड़ी मात्रा में डीजल समेत अन्य सामान चोरी हो जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। अब जांच का विषय यह भी है कि बस से सामान कब और किसने निकाला तथा चौकी परिसर में आने-जाने वाले लोगों की निगरानी किस स्तर पर की जा रही थी।

जांच में जुटी पुलिस

सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि चालक की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और बस से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल