खाद्य विभाग का मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार, तीन पनीर फैक्ट्रियों के पंजीकरण निलंबित; 50 किलो दूषित मिठाई कराई नष्ट

साहिल अंसारी

 हापुड़। खाद्य पदार्थों में मिलावट और खराब गुणवत्ता पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर आठ और 10 सितंबर को सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय चंद्र शेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने पनीर निर्माण इकाइयों, डेयरी और मिठाई की दुकानों पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान जहां तीन पनीर निर्माण इकाइयों के पंजीकरण अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दिए गए, वहीं एक मिठाई प्रतिष्ठान से करीब 50 किलोग्राम दूषित मिठाई नष्ट कराई गई। विभाग ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के कई नमूने भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

खाद्य विभाग की टीम ने गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के ग्राम राजपुर में शकील अहमद की पनीर निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। इसके अलावा ग्राम टोडरपुर में जहीर और जमीर की पनीर निर्माण इकाइयों पर भी कार्रवाई की गई। विभाग ने तीनों इकाइयों का पंजीकरण अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दिया। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तीनों स्थानों पर पनीर निर्माण का कार्य बंद करा दिया।

पनीर और दूध के नमूने लिए

आठ सितंबर को टीम ने ग्राम हिम्मतपुर गढ़मुक्तेश्वर स्थित चंद्रभान की पनीर निर्माण इकाई पर औचक छापा मारा। यहां से पनीर का एक नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा पिलखुवा बस स्टैंड स्थित विजय पाल डेयरी एंड स्वीट्स पर छापेमारी कर मिश्रित दूध का एक नमूना लिया गया। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

शिकायत पर मिठाई की दुकान पर छापा

10 सितंबर को शिकायत मिलने के बाद टीम ने तहसील चौपला स्थित न्यू सूरी स्वीट्स पर औचक छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान मिल्क केक और कलाकंद के एक-एक विधिक नमूने तथा एक-एक सर्विलांस नमूना लिया गया। मौके पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर खाद्य कारोबारकर्ता को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रतिष्ठान को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब 50 किलोग्राम दूषित मिठाई मिली, जिसकी कीमत लगभग 17,400 रुपये बताई गई। टीम ने नियमानुसार पूरी मिठाई को नष्ट करा दिया।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार छापेमारी के दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए जिले में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल