धौलाना थाने में सिपाही की मौत से सनसनी, छुट्टी से लौटने के 48 घंटे बाद हुई घटना से सहकर्मी स्तब्ध
साहिल अंसारी
, धौलाना। धौलाना थाने में तैनात एक पुलिस सिपाही की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना परिसर में हड़कंप मच गया। साथी पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें पिलखुवा स्थित मेडिकल कॉलेज के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आगरा जिले के निबौरा थाना क्षेत्र के गांव हीरापुरा निवासी आशीष के रूप में हुई है।
आशीष वर्ष 2025 बैच के सिपाही थे। बीते 24 अप्रैल को स्थानांतरण के बाद उनकी तैनाती धौलाना थाने में हुई थी। रविवार सुबह उनकी पहरा ड्यूटी लगी हुई थी। बताया गया कि ड्यूटी के दौरान वह फोन पर किसी से बातचीत कर रहे थे। इसके कुछ देर बाद थाना परिसर में घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि सिपाही आशीष करीब 15 दिन की छुट्टी बिताने के बाद दो दिन पहले ही ड्यूटी पर लौटे थे। छुट्टी से लौटने के महज 48 घंटे बाद हुई घटना से साथी पुलिसकर्मी भी भस्तब्ध हैं।
फोन पर हुई बातचीत की भी जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिपाही के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। हालांकि, तनाव का कारण क्या था और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या रही, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
घटना से पहले सिपाही की फोन पर किससे बातचीत हुई थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस फोन से संबंधित जानकारी और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, जिससे घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Comments
Post a Comment