हापुड़ पुलिस के 29 जवानों को सम्मान, मेरठ रेंज में 99 पुलिसकर्मियों को मिले पदक

साहिल अंसारी

उत्कृष्ट सेवा के सात और अति उत्कृष्ट सेवा के 92 पदक से नवाजे गए पुलिसकर्मी, डीआइजी कलानिधि नैथानी ने दी शुभकामनाएं

जागरण संवाददाता, हापुड़।
पुलिस विभाग में लंबे समय तक कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवाएं देने और उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने सम्मान किया है। वर्ष 2025 और 2026 के लिए मेरठ परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों में तैनात 99 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट एवं अति उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक प्रदान किए गए हैं। इनमें हापुड़ जनपद के 29 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हैं। सम्मान मिलने से पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।

गृह मंत्रालय की ओर से मेरठ परिक्षेत्र के सात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक प्रदान किया गया है, जबकि 92 पुलिसकर्मियों को अति उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पुलिसकर्मियों की उल्लेखनीय, सराहनीय और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है।

तीन पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक

हापुड़ जनपद में तैनात तीन पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक के लिए चुना गया है। इनमें उपनिरीक्षक लिपिक दीपक चंद, मुख्य आरक्षी मितेंद्र सिंह और मुख्य आरक्षी शांतनु मलिक शामिल हैं। विभाग की ओर से उनके सेवाकाल में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और सेवाओं को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया है।

अति उत्कृष्ट सेवा पदक पाने वालों में भी हापुड़ के कई नाम

अति उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक पाने वाले हापुड़ के पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक चांदवीर सिंह, निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक वीरेंद्र प्रसाद, उपनिरीक्षक अशोक कुमार राघव, उपनिरीक्षक कृष्णपाल सिंह, उपनिरीक्षक अनोखेपुरी और निरीक्षक अजय कुमार शामिल हैं। इसके अलावा उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक रवेंद्र सिंह चौहान और उपनिरीक्षक बालेंद्र सिंह को भी इस सम्मान से नवाजा गया है।

मुख्य आरक्षी अजय कुमार, सुशील कुमार यादव, सरफराज अहमद, मनोज कुमार, राकेश कुमार गौतम, पपिन्द्र कौर, प्रतिपाल, भगत सिंह, अंजू, मानवेन्द्र शर्मा, वरिन्द्र कुमार, वीरेन्द्र सिंह और दिनेश सिंह को भी अति उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक प्रदान किया गया है। इन पुलिसकर्मियों के नाम शामिल होने से हापुड़ पुलिस के लिए यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सेवा के प्रति समर्पण का सम्मान

पुलिस विभाग में सेवा पदक को अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा तथा विभाग के प्रति समर्पण की पहचान के रूप में देखा जाता है। गृह मंत्रालय की ओर से दिए गए इन पदकों से पुलिसकर्मियों के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है। इससे पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

मेरठ परिक्षेत्र के डीआइजी कलानिधि नैथानी ने पदक और प्रशंसा चिह्न पाने वाले सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार पूरी निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। डीआइजी ने कहा कि पुलिसकर्मियों की सराहनीय सेवाएं विभाग की कार्यप्रणाली को और मजबूत करने के साथ अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा का काम करती हैं।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल