एलपीजी रिफिल बुकिंग का अंतराल अब 25 दिन, ग्रामीण उपभोक्ताओं को राहत

साहिल अंसारी

हापुड़। घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर की रिफिल बुकिंग के लिए समान रूप से 25 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया है। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सात सितंबर को इस संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मिलने वाली 45 दिन की अवधि को घटाकर 25 दिन कर दिया गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का अंतराल 45 दिन निर्धारित था, जबकि अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह अवधि समान कर दी गई है। उपभोक्ता अपनी पिछली रिफिल बुकिंग के 25 दिन पूरे होने के बाद अगली रिफिल की बुकिंग करा सकेंगे।

विभाग की ओर से जिले के सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे संशोधित व्यवस्था का ध्यान रखते हुए 25 दिन की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद ही अगली रिफिल बुक कराएं। इससे बुकिंग व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

इसके साथ ही जिले में कार्यरत सभी एलपीजी वितरकों और विक्रय अधिकारियों को नई व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ताओं को सिलेंडर की डोर स्टेप डिलीवरी उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मूल्य पर ही एलपीजी रिफिल उपलब्ध कराने को कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल