महिला को बातों में फंसाकर घर तक पहुंचे दो ठग, 20 लाख के गहने-नकदी हड़पे
साहिल अंसारी
- भूखे होने का झांसा देकर पहले 200 रुपये लिए, नशीला पदार्थ लगा नोट वापस कर महिला को जाल में फंसाया
- नौ तोले सोना, दो किलो चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये लेकर कागज में पत्थर थमाए
- दो दिन तक कागज नहीं खोलने को कहा, करीब 24 घंटे बाद खुला ठगी का राज; सीसीटीवी से तलाश
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र में ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बाजार से घर लौट रही महिला को दो युवकों ने पहले भूखे होने का झांसा देकर बातों में फंसाया। महिला ने मदद के तौर पर उन्हें 200 रुपये दिए। आरोप है कि युवकों ने रुपये के नोट पर नशीला पदार्थ लगाकर उसे वापस कर दिया। इसके बाद दोनों महिला के साथ उसके घर के पास तक पहुंच गए। बातों में उलझाकर आरोपितों ने महिला से घर में रखे करीब नौ तोले सोने के आभूषण, दो किलो चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद मंगवा लिए। सामान लेने के बाद दोनों ने कागज में पत्थर के दो टुकड़े लपेटकर महिला को थमा दिए और कागज दो दिन बाद खोलने की बात कही। करीब 24 घंटे बाद महिला की हालत सुधरी तो उसने स्वजन को घटना बताई। कागज खोलने पर उसमें गहनों और नकदी के बजाय पत्थर मिले। पीड़ित परिवार के अनुसार ठगी गई संपत्ति की कीमत करीब 20 लाख रुपये से अधिक है।
रफीकनगर निवासी रहीसुद्दीन के मुताबिक शनिवार शाम उनकी पत्नी नाजरीन बाजार से सामान लेकर घर लौट रही थीं। मजीदपुरा क्षेत्र में दो युवक उनके पास पहुंचे और भूखे होने की बात कहते हुए खाना खिलाने का आग्रह किया। महिला ने उन्हें 200 रुपये दे दिए। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक महिला को बातचीत में उलझाए रहा, जबकि दूसरे ने नोट पर कोई नशीला पदार्थ लगा दिया। बाद में वही नोट महिला को वापस कर दिया गया।
इसके बाद दोनों युवकों ने रुपये लेने से इन्कार कर महिला से घर से खाना लाने की बात कही। आरोप है कि बातचीत के दौरान दोनों महिला का विश्वास जीतते हुए उसके साथ रफीकनगर स्थित घर के पास तक पहुंच गए। वहां उन्होंने महिला को घर में रखे आभूषण और रुपये लाने के लिए तैयार कर लिया। महिला ने करीब नौ तोले सोने के आभूषण, दो किलो चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये एक प्लास्टिक के कट्टे में रखकर बाहर लाकर उन्हें सौंप दिए।
आरोप है कि सामान लेने के बाद युवकों ने उसके बदले कागज में पत्थर के दो टुकड़े लपेटकर महिला को दे दिए। साथ ही उसे समझाया कि कागज को दो दिन तक न खोले। इसके बाद दोनों वहां से चले गए। घर पहुंचने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोशी जैसी हालत में चली गईं। स्वजन ने चिकित्सक को बुलाकर उपचार कराया।
रविवार रात करीब 10 बजे महिला को होश आया तो उसने स्वजन को पूरी घटना बताई। इसके बाद कागज खोला गया तो उसमें गहने और रुपये के स्थान पर पत्थर मिले। इससे परिवार में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि महिला से ठगी की घटना की जानकारी मिली है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में दिखाई दे रहे दोनों युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment