एनसीआर में पुराने वाहनों पर चला परिवहन विभाग का डंडा, छिजारसी टोल पर 18 गाड़ियां चिन्हित
साहिल अंसारी
, हापुड़।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने शुक्रवार को एनएच-9 स्थित छिजारसी टोल प्लाजा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में चले अभियान के दौरान टीम ने टोल से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके 18 पुराने वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। अचानक हुई चेकिंग से वाहन चालकों में खलबली मच गई।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों के पंजीयन प्रमाणपत्र (आरसी), ईंधन के प्रकार, निर्माण वर्ष और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। अधिकारियों ने विशेष रूप से ऐसे वाहनों को जांच के दायरे में लिया, जिनकी निर्धारित आयु सीमा पूरी हो चुकी थी। जांच के दौरान चिन्हित किए गए 18 वाहनों के संबंध में विभाग ने नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू की।
अधिक उम्र वाले वाहनों पर सख्ती
एनसीआर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पुराने वाहनों के संचालन को लेकर निर्धारित नियम लागू हैं। इसी के तहत परिवहन विभाग की टीम लगातार ऐसे वाहनों की निगरानी कर रही है। अधिकारियों ने वाहन स्वामियों को नियमों की जानकारी देते हुए निर्धारित अवधि पूरी कर चुके वाहनों को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्र पर निस्तारित कराने के लिए कहा।
टोल और हाईवे पर बढ़ेगी निगरानी
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर से सटे हापुड़ जिले में पुराने वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रमुख राजमार्गों, टोल प्लाजा और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर वाहनों की जांच की जाएगी। अधिकारियों ने वाहन स्वामियों से अपील की कि वे अपने वाहनों की आरसी और अन्य दस्तावेजों की वैधता समय से जांच लें। नियमों का उल्लंघन करने वाले पुराने वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment