फरियादियों की शिकायतों पर डीएम सख्त, 121 में 21 का मौके पर समाधान
हापुड़ तहसील में सबसे अधिक 55 शिकायतें, डीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
हापुड़।
संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जिले की तीनों तहसीलों में फरियादियों ने अधिकारियों के सामने समस्याएं रखीं। भूमि विवाद, वरासत, खतौनी, सीमांकन, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली और पेयजल से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। तीनों तहसीलों में कुल 121 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 21 का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी कविता मीना ने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हापुड़ तहसील में डीएम कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां सबसे अधिक 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें आठ का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
राजस्व-पुलिस के समन्वय पर जोर
समाधान दिवस में खतौनी, वरासत, सीमांकन, अतिक्रमण और दाखिल-खारिज के साथ भूमि विवाद, मारपीट और शांति व्यवस्था से संबंधित शिकायतें भी पहुंचीं। डीएम ने भूमि विवादों में राजस्व और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत का पोर्टल पर अंकन और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को फोन से सूचना देने के निर्देश भी दिए।
एसपी ने पुलिस से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ितों की सुनवाई थाना स्तर पर प्रभावी ढंग से होनी चाहिए। आपसी विवादों में समय रहते कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
धौलाना में 31, गढ़मुक्तेश्वर में 35 शिकायतें
धौलाना तहसील में सीडीओ श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। यहां 31 शिकायतें मिलीं, जिनमें तीन का मौके पर निस्तारण हुआ। गढ़मुक्तेश्वर में एडीएम की अध्यक्षता में 35 शिकायतें प्राप्त हुईं और 10 का मौके पर समाधान कराया गया।
पांच गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
समाधान दिवस से पहले हापुड़ तहसील परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई कार्यक्रम हुआ। डीएम ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की और उन्हें फल, सूखे मेवे, हरी सब्जियां व पोषण किट वितरित कीं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने महिलाओं को संतुलित आहार और प्रसव पूर्व देखभाल की जानकारी दी।
Comments
Post a Comment