साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को बड़ी राहत, धौलाना पुलिस ने 10,850 रुपये की पूरी रकम कराई वापस
हापुड़। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच धौलाना पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित के ठगे गए 10,850 रुपये वापस करा दिए। पुलिस की सक्रियता से पीड़ित को उसकी रकम शत-प्रतिशत वापस मिल गई। रकम खाते में वापस पहुंचने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध की रोकथाम और ठगी का शिकार हुए लोगों की रकम वापस कराने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना धौलाना की साइबर क्राइम टीम को साइबर ठगी से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलते ही टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी माध्यमों से ठगी की रकम के संबंध में जानकारी जुटाई और संबंधित बैंकिंग प्रक्रिया के माध्यम से रकम वापस कराने की कार्रवाई की। टीम के प्रयास से पीड़ित के 10,850 रुपये की पूरी रकम वापस करा दी गई। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली।
साइबर ठगी होते ही तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस को सूचना दें। समय रहते शिकायत मिलने पर ठगी की रकम को रोकने अथवा वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है। पुलिस ने नागरिकों को अनजान फोन काल, संदेश और लिंक से सावधान रहने की सलाह दी है। किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, पासवर्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करने को कहा गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ ठगी का शिकार हुए लोगों की रकम वापस कराने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। धौलाना साइबर क्राइम टीम की इस कार्रवाई को इसी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Comments
Post a Comment