सादिकपुर में मोबाइल टावर बना चोरों का निशाना, आठ RRU समेत केबल-कनेक्टर उखाड़ ले गए बदमाश


साहिल अंसारी
30-31 जुलाई की रात इंडस कंपनी के टावर पर वारदात, नेटवर्क उपकरण चोरी होने से मचा हड़कंप; अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
 हाफिजपुर। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव सादिकपुर में चोरों ने मोबाइल नेटवर्क के टावर को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर रात के अंधेरे में इंडस कंपनी के टावर पर लगे आठ RRU समेत बड़ी मात्रा में केबल, जंपर, सिपरी और कनेक्टर चोरी कर ले गए। टावर से उपकरण गायब मिलने पर संबंधित कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव सादिकपुर में इंडस कंपनी का टावर लगा हुआ है। इसकी इंडस आईडी 2048238 बताई गई है। मेरठ के इंद्रापुरम निवासी भूपेंद्र कुमार ने हाफिजपुर थाने में दी तहरीर में बताया कि 30 और 31 जुलाई की रात अज्ञात चोर टावर पर पहुंचे और वहां लगे उपकरणों को निशाना बनाया। चोर आठ RRU उपकरण उखाड़कर ले गए। इसके अलावा 22 जंपर, पांच सिपरी, तीन पावर केबल और आठ RRU कनेक्टर भी चोरी किए गए।

तहरीर के मुताबिक चोरी हुए उपकरणों में एरिक्सन कंपनी के L850, L2100 और L1800 से संबंधित RRU शामिल हैं। चोर Huawei RRU की करीब 150 मीटर पावर केबल, L2100 की करीब 100 मीटर केबल और L850 की करीब 150 मीटर पावर केबल भी ले गए। टावर से बड़ी मात्रा में तकनीकी उपकरण चोरी होने के बाद कंपनी को नुकसान हुआ है। चोरी गए सामान की कीमत का आकलन कराया जा रहा है।

डायल 112 पहुंची मौके पर

टावर से उपकरण गायब होने की जानकारी मिलने पर डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जानकारी जुटाई। इसके बाद कंपनी से जुड़े भूपेंद्र कुमार ने थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संजीव कुमार को सौंपी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और चोरी गए उपकरणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत