NH-9 फ्लाईओवर पर रॉन्ग साइड ट्रक का कहर, बाइक सवार दो युवकों को कुचला; एक की मौत, साथी गंभीर


साहिल अंसारी

ततारपुर मार्ग पर भीषण हादसे के बाद मची अफरातफरी, ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार

हापुड़। थाना देहात क्षेत्र में मंगलवार रात NH-9 के नए बाईपास फ्लाईओवर के पास रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से ततारपुर की ओर जा रहे थे। फ्लाईओवर के पास सामने से रॉन्ग साइड में तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ट्रक रॉन्ग साइड से आ रहा था। इसी दौरान सामने से बाइक आने पर दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर ट्रक चालक की पहचान करने और हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत