मतदाता सूची में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई, डीएम ने निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण कर युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने पर दिया जोरl
साहिल अंसारी
हापुड़। जिलाधिकारी कविता मीना ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी सभी कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं रहनी चाहिए और पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने के साथ अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाता सूची, बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्य, निर्वाचक नामावली के शुद्धिकरण, ईपीआईसी कार्ड वितरण और कार्यालय में रखे अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने कर्मचारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विशेष रूप से युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए बीएलओ स्तर पर प्रभावी सत्यापन कराया जाए। इसके साथ ही मृत व्यक्तियों के नाम तथा दोहरी प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई में भी तेजी लाने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए इसके शुद्धिकरण और अद्यतन करने के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बीएलओ के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और जहां कहीं कमी मिले, उसे तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्वाचन कार्यालय की साफ-सफाई और पत्रावलियों के रख-रखाव पर भी ध्यान दिया। उन्होंने कार्यालय अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा आमजन की ओर से प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इस दौरान निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment