महिला के विरोध पर दबंगों का कहर, काम पर जा रहे पति को घेरकर पीटा; साथी ने थमाया चाकू, मोहल्लेवालों ने बचाई जान
सोनू मसूदी
जुआ खेलने का विरोध करने पर महिला से अभद्रता, पति को पीटा, चाकू से जान से मारने की धमकी
, हापुड़। अलीनगर में पड़ोस में जुआ खेलने और महिला से अभद्रता का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। सात अगस्त की सुबह काम पर जा रहे महिला के पति को रास्ते में घेरकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। आरोपितों ने युवक को थप्पड़ और लात-घूंसों से पीटा। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने साथियों को चाकू थमा दिया। शोर सुनकर पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को बचाया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलीनगर गली नंबर तीन, रामपुर रोड निवासी सायबा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोस में रहने वाला कासिम अपने साथ अन्य लोगों को बुलाकर जुआ खेलता है। आरोप है कि कासिम महिला से अभद्रता करने के साथ ही आए दिन अपशब्द बोलता रहता है। महिला ने जब इसका विरोध किया तो कासिम और उसके साथियों ने उसे तथा उसके पति आसिफ को जान से मारने और मारपीट करने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार, सात अगस्त की सुबह करीब 10 बजे उसका पति आसिफ घर से काम के लिए निकला था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपितों ने उसे रास्ते में घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आसिफ को थप्पड़ और लात-घूंसों से पीटा गया। इसी दौरान रिजवान नामक युवक द्वारा आरोपितों को चाकू देने का आरोप है। आसिफ को खतरे में देख मोहल्ले के लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे बचाया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। उसके पति के मोबाइल में भी घटना की वीडियो मौजूद होने की बात कही गई है। तहरीर में आरोप लगाया गया कि घटना के बाद भी आरोपित चाकू लेकर गली में बैठे रहे, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। पीड़िता ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Comments
Post a Comment