कुचेसर चौपला में तड़के धधका आरडी रेस्टोरेंट, आग की लपटों से मची अफरा-तफरी; दमकल ने टाला बड़ा हादसा


साहिल अंसारी

पहली मंजिल पर सुबह 4:30 बजे लगी आग ने लिया विकराल रूप, लाखों रुपये के नुकसान की आशंका; कोई जनहानि नहीं

 हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर चौपला रोड स्थित आरडी रेस्टोरेंट (पाल डेयरी) में गुरुवार तड़के आग लगने से हड़कंप मच गया। पहली मंजिल पर सुबह करीब 4:30 बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। रेस्टोरेंट से उठते धुएं के गुबार और आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझने से आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों को चपेट में आने से बचा लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

सुबह के समय राहगीरों और आसपास के लोगों ने आरडी रेस्टोरेंट की पहली मंजिल से अचानक धुआं उठता देखा। देखते ही देखते धुएं का गुबार बढ़ने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही फायर सर्विस की टीम गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आसपास की दुकानों तक पहुंच सकती थी आग

कुचेसर चौपला क्षेत्र में बड़ी संख्या में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। ऐसे में आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास की दुकानों और इमारतों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को रेस्टोरेंट के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया। आग पूरी तरह बुझने के बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।

फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान जला

आग से रेस्टोरेंट की पहली मंजिल पर रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान प्रभावित हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। हालांकि वास्तविक नुकसान कितना हुआ, इसका आकलन विभागीय जांच के बाद ही सामने आएगा।

कारणों की जांच में जुटा विभाग

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझा दिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत