शिवा ढाबा पर मारपीट में घायल अजीम की मौत, एक नामजद गिरफ्तार; बाकी की तलाश तेज
साहिल अंसारी
गढ़मुक्तेश्वर। शिवा ढाबा के पास करीब 12 दिन पूर्व हुए रोडरेज में गंभीर रूप से घायल अजीम की उपचार के दौरान मौत के मामले में गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित अंकित को स्याना चौपला के पास से पकड़ा। मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को अजीम छोटा हाथी वाहन से मुरादाबाद से गाजियाबाद जा रहा था। शिवा ढाबा के पास उसके वाहन की ऑटो से टक्कर हो गई थी। हादसे में ऑटो चालक फरमान गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद फरमान के साथियों ने अजीम के साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए थे।
घायल अजीम का दिल्ली स्थित लोकनायक अस्पताल में उपचार चल रहा था। चार अगस्त को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज करते हुए नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए।
पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद फरमान खुद गंभीर रूप से घायल है। उसके अलावा नामजद चार आरोपितों में से अंकित पुत्र महेश निवासी गांव बौड़ा खुर्द, थाना पिलखुवा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 394/2026 में धारा 103(1), 191(2) और 115(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक सुधीर कुमार, उपनिरीक्षक करन कुमार, हेड कांस्टेबल कंचन कुमार और आरक्षी पुष्पेंद्र सिंह शामिल रहे।
Comments
Post a Comment