तेंदुए के हमले की सूचना से मचा हड़कंप, वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर की जांच


साहिल अंसारी

घायल व्यक्ति से अस्पताल में मिले डीएफओ, खरोंच के निशान तेंदुए के हमले जैसे नहीं मिले

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के नयागांव निवासी नेपाल सिंह को तेंदुए द्वारा घायल किए जाने की सूचना से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मंगलवार दोपहर डीएफओ गौतम सिंह वन विभाग की टीम के साथ गढ़मुक्तेश्वर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने नेपाल सिंह का निरीक्षण करने के साथ ही घटना के संबंध में जानकारी ली।

डीएफओ ने नेपाल सिंह के शरीर पर लगी खरोंच के निशानों का भी निरीक्षण किया। वन विभाग के अनुसार, प्रथम दृष्टया खरोंच के निशान तेंदुए के हमले के प्रतीत नहीं हो रहे हैं। खरोंच काफी कम गहरी और लंबाई में है। अधिकारियों के अनुसार, यह किसी अन्य जानवर के कारण भी हो सकती है। नेपाल सिंह का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।

इसके बाद डीएफओ गौतम सिंह ने नयागांव, आलमपुर और भगवंतपुर क्षेत्र में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही जंगली जानवरों से बचाव के उपाय बताते हुए ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।

वन विभाग ने ग्रामीणों से कहा कि खेतों और जंगल के आसपास जाते समय सावधानी बरतें। किसी भी जंगली जानवर को देखकर उसके करीब जाने या उसे घेरने का प्रयास न करें। यदि किसी व्यक्ति को तेंदुआ दिखाई देता है तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल