सीएम युवा योजना से अधिक युवाओं को जोड़ने पर जोर


सोनू मसूदी

आवेदनों के त्वरित निस्तारण और प्रशिक्षण के बाद रोजगार दिलाने पर डीएम ने दिए निर्देश

हापुड़। मुख्यमंत्री युवा योजना की समीक्षा को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें योजना के तहत युवाओं के पंजीकरण, प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के पात्र युवाओं को समय से ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। आवेदनों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही प्रशिक्षण संस्थानों की प्रगति की नियमित समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को रोजगार या स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि जिले में अधिक से अधिक युवाओं को मुख्यमंत्री युवा योजना से जोड़ा जाए। इसके लिए पात्र युवाओं को योजना की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनके आवेदन कराने और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन देने पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी स्तर पर लापरवाही न हो और लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिले।

बैठक में युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा योजना युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से युवाओं को रोजगार के साथ अपना व्यवसाय शुरू करने के अवसर भी मिलेंगे। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल