आर्य कन्या महाविद्यालय में छात्राओं ने डॉक्यूमेंट्री से जाना विभाजन का दर्द, प्राचार्या ने कहा- इतिहास से सीख लेकर देश की एकता-अखंडता को मजबूत करें
, हापुड़। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत शुक्रवार को आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में इतिहास विभाग एवं इतिहास मंथन क्लब के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को भारत-पाकिस्तान विभाजन की त्रासदी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से छात्राओं ने विभाजन के दौर की परिस्थितियों, विस्थापन और लोगों के संघर्ष को जाना।
शासन के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से रूबरू कराना और उस दौर में प्रभावित लोगों के साहस एवं बलिदान को स्मरण करना रहा। दोपहर 12 बजे महाविद्यालय की स्मार्ट कक्षा में डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन शुरू हुआ।
कार्यक्रम की संयोजिका प्रोफेसर मनीला रोहतगी ने डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन से पहले भारत-पाकिस्तान विभाजन के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को विभाजन से जुड़ी परिस्थितियों और उसके दूरगामी प्रभावों की जानकारी दी। इसके बाद छात्राओं ने डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से विभाजन के दौरान लोगों को झेलनी पड़ी कठिनाइयों और पीड़ा को जाना।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इतिहास की त्रासद घटनाओं से सीख लेकर वर्तमान और भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को विभाजन की विभीषिका से सबक लेते हुए देश में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और शिक्षिकाओं ने विभाजन के दौरान प्रभावित लोगों के साहस एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Comments
Post a Comment