गाली-गलौज के विवाद में अधिवक्ता के मुंशी की पीट-पीटकर हत्या, मेरठ में उपचार के दौरान तोड़ा दम

साहिल अंसारी

पिछले कई दिनों से पड़ोसियों से चल रहा था विवाद, अंडा फैक्ट्री के पास घेरकर किया हमला; गांव में तनाव के चलते पुलिस बल तैनात


गढ़मुक्तेश्वर।
कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर चौधरी गांव में पिछले कई दिनों से चल रहा गाली-गलौज का विवाद शुक्रवार शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। अंडा फैक्ट्री के पास कुछ लोगों ने अधिवक्ता के मुंशी को घेरकर उसके साथ मारपीट कर दी। गंभीर रूप से घायल मुंशी को स्वजन उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मच गया।

शाहपुर चौधरी गांव निवासी महकर सिंह (52) गाजियाबाद में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी का काम करते थे। बताया गया है कि पिछले कई दिनों से उनका पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते शुक्रवार शाम वह अंडा फैक्ट्री के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट में महकर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर पर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

महकर सिंह की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी और कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों की भूमिका की जांच करते हुए उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल