गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: दिल्ली का सफर बना चार युवकों का आखिरी सफर, थार पलटी; किशोर घायल

साहिल अंसारी

हापुड़, गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। बदायूं से दिल्ली जा रही थार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसे में वाहन सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को उपचार के लिए सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया। चार युवकों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।


पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11:56 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि गंगा एक्सप्रेसवे पर थार संख्या डीएल 8सीबीएल 9822 दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई है। सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वाहन में सवार लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।


हादसे में जोगिंदर (26) पुत्र झाझन सिंह निवासी ग्राम पालपुर, थाना बिल्सी, जिला बदायूं, सुखबीर (25) पुत्र होती लाल, जसवंत (20) पुत्र होती लाल निवासी मेवली, थाना उघैती, जिला बदायूं तथा रवि (20) पुत्र करण सिंह निवासी ग्राम पुरदलपुर, थाना इस्लामनगर, जिला बदायूं की मौत हो गई। वहीं विष्णु (17) पुत्र गिरिराज निवासी ग्राम पालपुर, थाना बिल्सी घायल हुआ है। उसे हादसे में हल्की चोटें आई हैं और अस्पताल में उपचार कराया गया।


हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के स्वजन को मिली, परिवारों में कोहराम मच गया। देर रात ही स्वजन अस्पताल और घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। चार युवकों की मौत से उनके गांवों में भी मातम छा गया। जिन परिवारों के युवक दिल्ली जाने के लिए घर से निकले थे, उन्हें हादसे की खबर ने झकझोर दिया।


दुर्घटना के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सिंभावली पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को एक्सप्रेसवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। थार किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटी और दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल