नक्का कुआं शिव मंदिर में गूंजे भोलेनाथ के जयकारे, श्री शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ


सोनू मसूदी

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर स्थित नक्का कुआं शिव मंदिर में श्रावण मास के पावन अवसर पर रविवार को नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। 2 अगस्त से शुरू हुई कथा का आयोजन 10 अगस्त तक किया जाएगा। प्रथम दिवस वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान शिव के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

कथा व्यास परम पूज्य श्री सुरेश दत्त जी महाराज ने प्रथम दिवस भगवान शिव की महिमा, शिव महापुराण के महत्व और श्रावण मास के आध्यात्मिक संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने शिवभक्ति के महत्व तथा कथा श्रवण से मिलने वाले आध्यात्मिक लाभों का वर्णन किया। कथा के दौरान भगवान भोलेनाथ की भक्ति में श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।

कथा के दौरान बताया गया कि श्रद्धापूर्वक शिव महापुराण का श्रवण करने से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है। इससे जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। संगीतमय कथा में संगतकार ऋषभ सिंह, कृष्णा मिश्रा और रामदास ने भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी। भजनों और कथा के बीच मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।
आयोजकों ने क्षेत्र के शिवभक्तों और श्रद्धालुओं से परिवार सहित कथा में पहुंचकर भगवान शिव की अमृतमयी कथा का श्रवण करने और धर्मलाभ प्राप्त करने का आह्वान किया। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक होगा। प्रथम दिवस की कथा श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत