संगीतांजलि’ क्लब की एकल गीत प्रतियोगिता में छात्राओं ने बिखेरा सुरों का जादू, भूमिका प्रथम और आयशा रहीं द्वितीय



साहिल अंसारी

देशभक्ति गीतों से गूंजा आर्य कन्या महाविद्यालय, छात्राओं ने दिखाया गायन का हुनर

हापुड़। आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संगीत विभाग की ओर से ‘संगीतांजलि’ क्लब के अंतर्गत देशभक्ति विषय पर आधारित एकल गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संगीत विभाग की अध्यक्षा डॉ. उपासना शर्मा के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साह और उमंग के साथ देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर और प्राध्यापिकाओं ने वाग्देवी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम की संयोजिका एवं संचालिका डॉ. उपासना शर्मा ने प्रतियोगिता के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को क्रमवार प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया।

प्रतियोगिता में कुल आठ छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति से माहौल को देशप्रेम की भावना से भर दिया। निर्णायक मंडल की सदस्य प्रोफेसर अमिता शर्मा और प्रोफेसर मनीला रोहतगी ने छात्राओं की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए।

प्रतियोगिता में कुमारी भूमिका ने प्रथम, कुमारी आयशा ने द्वितीय और कुमारी सना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कुमारी मनु गौतम को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। प्राचार्या प्रोफेसर साधना तोमर ने प्रतिभागी छात्राओं के गायन की सराहना करते हुए विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. उपासना शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत