एक्सल टूटते ही पलटी ईंटों से भरी ट्राली, पीछे से कार घुसी; सात घायल


साहिल अंसारी

आलमनगर के सामने देर रात हादसा, ट्राली में दबे पांच मजदूर; कार सवार दंपती भी घायल

बहादुरगढ़। गंगा एक्सप्रेसवे पर आलमनगर गांव के सामने सोमवार देर रात ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली का एक्सल टूटने से हादसा हो गया। एक्सल टूटते ही ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। ट्राली में सवार पांच मजदूर ईंटों के नीचे दब गए। इसी दौरान पीछे से आ रही उत्तराखंड नंबर की ग्रैंड विटारा कार पलटी ट्राली में जा घुसी। हादसे में कार सवार दंपती समेत सात लोग घायल हो गए।

बताया गया कि सोमवार देर रात ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली गंगा एक्सप्रेसवे से होकर गुजर रही थी। ट्राली में काम करने वाले पांच मजदूर भी सवार थे। आलमनगर गांव के सामने अचानक ट्रैक्टर का एक्सल टूट गया। इससे चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्राली सड़क पर पलट गई। ट्राली पलटने के साथ ही उसमें भरी ईंटें सड़क पर बिखर गईं और ट्राली में सवार पांच मजदूर उसके नीचे दब गए।

हादसे के कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रही उत्तराखंड नंबर की ग्रैंड विटारा कार भी पलटी हुई ट्राली से जा टकराई। टक्कर में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी राजेश कुमार अपनी पत्नी कामायनी के साथ सवार थे। दुर्घटना में दोनों को चोटें आईं।

हादसा देखकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्राली के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी सात घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

थानाध्यक्ष इंद्रकांत यादव ने बताया कि हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली में सवार पांच मजदूर और कार सवार दंपती घायल हुए हैं। सभी को मामूली चोटें आई थीं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राली और कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारु हो सका।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत