लाखों राहगीरों की राह में टूटी पुलिया बनी मुसीबत, शिकायतों के बावजूद मरम्मत नहीं; ई-रिक्शा पलटने से आए दिन चोटिल हो रहे यात्री

साहिल अंसारी

हापुड़। बुलंदशहर रोड स्थित वार्ड नंबर-40 में स्टेट बैंक के पास गली नंबर-4 के सामने रास्ते के बीचोंबीच टूटी पुलिया लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां दिनभर बड़ी संख्या में राहगीरों और वाहनों का आवागमन रहता है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट जाते हैं, जिससे उनमें सवार यात्रियों के चोटिल होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिया काफी समय से क्षतिग्रस्त हालत में है। रास्ते के बीच में गड्ढा और टूटा हिस्सा होने के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। खासकर ई-रिक्शा चालकों को यहां से निकलने में काफी परेशानी होती है। कई बार पहिया टूटे हिस्से में फंसने से ई-रिक्शा पलट जाता है। इससे सवारियों के चोटिल होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

1076 पर शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

अधिवक्ता अब्दुल कादिर ने बताया कि पुलिया की समस्या को लेकर वार्डवासियों ने कई बार वार्ड मेंबर अयूब से शिकायत की है। समस्या के समाधान के लिए 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन इसके बावजूद अभी तक पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को मौके की स्थिति देखकर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।

दुकान के सामने रोज देख रहे परेशानी

दुकानदार जान मोहम्मद ने बताया कि उनकी दुकान पुलिया के पास ही है। वह रोजाना लोगों को टूटी पुलिया के कारण परेशान होते देखते हैं। उनके अनुसार, आए दिन ई-रिक्शा यहां असंतुलित होकर पलट जाते हैं और सवारियों को चोट लग जाती है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी जब समस्या दूर नहीं हुई तो लोगों ने शिकायत करना ही छोड़ दिया।

हादसे से पहले जागे नगर पालिका

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग काफी व्यस्त है और दिनभर यहां लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में रास्ते के बीच टूटी पुलिया को नजरअंदाज करना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। लोगों ने नगर पालिका अधिकारियों से मौके का तत्काल निरीक्षण कराकर पुलिया की मरम्मत कराने, टूटे हिस्से को सुरक्षित करने और आवागमन सुचारु कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मरम्मत में देरी होने पर समस्या और गंभीर हो सकती है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल