गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली
साहिल अंसारी
25-25 हजार रुपये के इनामी थे आरोपित, हथौड़े और रॉड से पीटकर गौरव की हत्या का आरोप; फरार आरोपितों की तलाश में तीन टीमें सक्रिय
जागरण संवाददाता, हापुड़। गौरव त्यागी हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए शुक्रवार को तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई से हत्याकांड के आरोपितों में खलबली मच गई। दो आरोपित कचहरी में आत्मसमर्पण करने की तैयारी में पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने पहले ही घेराबंदी कर उन्हें कचहरी गेट के पास से दबोच लिया। वहीं, देर शाम दोयमी गांव के पास गश्त के दौरान पुलिस की तीसरे आरोपित से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपित ने बचने के लिए टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी पुत्र फतेह सिंह की 18 अगस्त की दोपहर सरेराह पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। गौरव बाइक से हापुड़ में अपने अधिवक्ता से मिलने आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपितों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों, हथौड़े और रॉड से हमला कर दिया। हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना का एक राहगीर ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया था। वीडियो में आरोपित गौरव पर हमला करते दिखाई दे रहे थे।
पोस्टमार्टम में सामने आईं गंभीर चोटें
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गौरव के कूल्हे और रीढ़ की हड्डी पर कई बार वार किए जाने की पुष्टि हुई थी। हमले के कारण कूल्हे और रीढ़ की हड्डी कई स्थानों से टूट गई थी। शरीर के अंदर अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण गौरव की मौत हुई थी। घटना के बाद मृतक के स्वजन में आक्रोश फैल गया था। मामले में गांव के सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने पहले राजवीर और जयपाल को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य मुख्य आरोपित फरार चल रहे थे। फरार आरोपितों पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कचहरी में सरेंडर की सूचना पर घेराबंदी
शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड के आरोपित कचहरी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने कचहरी परिसर और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को कचहरी के आसपास तैनात किया गया। मृतक के स्वजन भी आरोपितों की पहचान के लिए वहां मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस ने कचहरी गेट के पास से अमित और कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया।
दोयमी गांव के पास पुलिस से हुई मुठभेड़
दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश में अभियान तेज कर दिया। देर शाम गश्त के दौरान दोयमी गांव के पास पुलिस टीम ने प्रदीप को घेर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपित ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रदीप के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
फरार आरोपितों की तलाश में दबिश
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मुठभेड़ में प्रदीप घायल हुआ है, जबकि अमित और कुलदीप को कचहरी के पास से गिरफ्तार किया गया है। हत्याकांड में शामिल फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी है।
Comments
Post a Comment