हरिद्वार के अंतरराष्ट्रीय साहित्यकुंभ में हापुड़ की डॉ. सरोजिनी ‘तनहा’ का बढ़ा मान, गंगा सेवा और साहित्य के क्षेत्र में दो प्रतिष्ठित सम्मानों से हुईं सम्मानित

साहिल अंसारी

हापुड़। धर्मनगरी हरिद्वार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय दिव्यगंगा महोत्सव एवं साहित्यकुंभ में हापुड़ की साहित्यकार एवं आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रोफेसर डॉ. सरोजिनी ‘तनहा’ को दो प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। गंगा के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर आयोजित विचार-मंथन में उनकी साहित्यिक सहभागिता और योगदान को विशेष रूप से सराहा गया।

दिव्य गंगा सेवा मिशन हरिद्वार तथा दि ग्राम टुडे प्रकाशन समूह के संयुक्त तत्वावधान में अवधूत मंडल आश्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन हुआ। इसमें “भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना के विकास में गंगा का महत्व” विषय पर विचार-मंथन, सेमिनार और कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए 250 से अधिक साहित्यकारों और हिंदी सेवियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर मंचासीन आध्यात्मिक एवं साहित्यिक विभूतियों की उपस्थिति में डॉ. सरोजिनी ‘तनहा’ को दिव्य गंगा सेवा मिशन हरिद्वार की ओर से “दिव्य गंगा सेवी सम्मान” तथा दि ग्राम टुडे प्रकाशन समूह की ओर से “टीजीटी साहित्य भूषण सम्मान” प्रदान किया गया। दोनों सम्मान मिलने पर कार्यक्रम में मौजूद साहित्यकारों ने उनका उत्साहवर्धन किया।

आयोजन अध्यक्ष डॉ. शिवेश्वर दत्त पांडेय ने बताया कि साहित्यकुंभ में देश-विदेश से आए हिंदी सेवियों ने काव्य पाठ किया। विभिन्न विषयों पर शोध पत्रों का वाचन भी हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्रांतिवीर हुतात्मा मंगल पांडेय के प्रपौत्र एवं ‘शाम्भवी धाम’ हरिद्वार के पीठाधीश्वर स्वामी श्री श्री आनंद स्वरूप जी महाराज रहे।

कार्यक्रम के एक सत्र में डॉ. सरोजिनी ‘तनहा’ मंचासीन रहीं। उन्होंने मां गंगा की महिमा और भारतीय संस्कृति में उसके महत्व को रेखांकित करती अपनी रचना भी प्रस्तुत की। उनकी साहित्यिक प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने सराहा।

डॉ. सरोजिनी ‘तनहा’ को दो प्रतिष्ठित सम्मान मिलने पर आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिवार, परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हापुड़ के लिए भी गौरव का विषय है और डॉ. ‘तनहा’ की साहित्यिक एवं सामाजिक सक्रियता अन्य लोगों को भी प्रेरित करेगी।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल