बारिश में डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक का पैर फ्रैक्चर
साहिल अंसारी
नोएडा से हल्द्वानी जा रहा था परिवार, हादसे में दो बच्चों समेत चार घायल
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बारिश के दौरान बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि उसके सात वर्षीय बेटी, चार वर्षीय बेटे और 17 वर्षीय रिश्तेदार को भी चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब दो बजे कंट्रोल रूम से नए हाईवे पर रॉयल बिस्मिल्लाह ढाबे के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि हल्द्वानी निवासी सलमान (32) बाइक से नोएडा से हल्द्वानी जा रहे थे। बाइक पर उनकी सात वर्षीय बेटी सिमायरा, चार वर्षीय बेटा अज्जू और 17 वर्षीय रिश्तेदार अदनान पुत्र रहीश निवासी सैदनंगली, अमरोहा भी सवार थे।
बताया गया कि बारिश के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर नए बाईपास पर रॉयल बिस्मिल्लाह ढाबे के सामने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर में सलमान के पैर में फ्रैक्चर हो गया। वहीं, बाइक पर सवार दोनों बच्चों और किशोर को भी हल्की चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस ने घायलों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। पुलिस के अनुसार सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Comments
Post a Comment