दौताई के जंगल में पेड़ पर चढ़े तेंदुए की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर वायरल, ग्रामीणों में बढ़ी दहशत; चारा लेने जंगल जाने से कतरा रहे किसान
साहिल अंसारी
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के दौताई गांव के जंगल में पेड़ पर चढ़े तेंदुए की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि मेरठ मार्ग के किनारे पेड़ पर चढ़े तेंदुए की तस्वीर एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में कैद की थी। तस्वीर वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी के साक्ष्य जुटाए।
डीएफओ गौतम सिंह और वन रेंजर करन सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जंगल और आसपास के खेतों का निरीक्षण किया। टीम ने कई स्थानों पर पंजों के निशान भी देखे और उनकी जांच की। तेंदुए की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि वह अब अकेले जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने जाने से भी कतरा रहे हैं।
ग्रामीण सुशील कुमार, डीपी निषाद, मोहसिन खान और फुजैल चौधरी ने बताया कि तहसील क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुए दिखाई देने की सूचनाएं मिल रही हैं। इसके चलते खादर क्षेत्र के कई गांवों में ग्रामीण सतर्कता बरत रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में खादर क्षेत्र में एक किसान पर तेंदुए ने हमला किया था। इसके अलावा आसपास के जंगलों में कई पशुओं के शिकार किए जाने की बात भी ग्रामीणों ने कही है।
ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए जंगल में पिंजरा भी लगाया गया है, लेकिन अभी तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के डर से उन्हें लाठी-डंडे लेकर जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने जाना पड़ रहा है। शाम के समय ग्रामीण जंगल की ओर जाने से विशेष रूप से बच रहे हैं।
वन रेंजर करन सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर गांव के जंगल में पिंजरा लगाया गया है। जिस पेड़ पर तेंदुआ चढ़ा होने की तस्वीर प्रसारित हुई है, उसकी कुछ टहनियों को काटने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है। साथ ही ग्रामीणों को तेंदुए की आशंका वाले स्थानों पर अकेले न जाने और सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया है
Comments
Post a Comment